इंदौर, नौ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर में गाय चोरी के संदेह में कुछ लोगों ने 35 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीट कर कथित तौर पर हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की गाय गायब हो गई थी जिसके बाद कुछ लोग उसे अलग-अलग स्थानों पर खोज रहे थे।
उन्होंने बताया कि तलाश के दौरान गाय चंदर (35) नाम के व्यक्ति के पास मिली।
सिंह ने बताया कि चंदर पर गाय चुराने का आरोप लगाते हुए सूरज जाट और अन्य लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की।
उन्होंने बताया कि बुरी तरह घायल चंदर को शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में भर्ती कराया गया जहां मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी है।
उन्होंने बताया कि जाट का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह निगरानीशुदा बदमाश है।
भाषा हर्ष मनीषा
मनीषा