मप्र : इंदौर में कारों को किराये पर लेने की आड़ में धोखाधड़ी, 38 गाड़ियां जब्त

मप्र : इंदौर में कारों को किराये पर लेने की आड़ में धोखाधड़ी, 38 गाड़ियां जब्त

मप्र : इंदौर में कारों को किराये पर लेने की आड़ में धोखाधड़ी, 38 गाड़ियां जब्त
Modified Date: February 3, 2026 / 05:58 pm IST
Published Date: February 3, 2026 5:58 pm IST

इंदौर, तीन फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस ने कारों को किराये पर लेने की आड़ में इनके मालिकों के साथ धोखाधड़ी होने का खुलासा करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसकी निशानदेही पर पांच करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य की 38 कारें जब्त की हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शिवेंदु जोशी ने संवाददाताओं को बताया कि 40 कार मालिकों की शिकायत पर गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय करिरा उर्फ कालरा के रूप में हुई है।

जोशी ने बताया कि करिरा कार मालिकों को ऊंचा किराया देने के झांसे के साथ उनका वाहन 11 महीने के अनुबंध के आधार पर लेता था और इन गाड़ियों को दूसरे व्यक्तियों के यहां गिरवी रख देता था।

एसीपी ने बताया,’करिरा कारों में लगे जीपीएस को हटा देता था ताकि मालिकों को इन गाड़ियों की लोकेशन के बारे में पता न चल सके।’

उन्होंने बताया कि किराये की वक्त पर अदायगी न होने पर जब कार मालिक अपना वाहन वापस मांगते थे, तो करिरा यह दावा करते हुए उन्हें कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी देता था कि गाड़ियों का अवैध कामों में इस्तेमाल हुआ है।

एसीपी ने बताया कि आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उसकी निशानदेही पर पांच करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 38 कारें जब्त की गई हैं।

उन्होंने बताया कि कार मालिकों से धोखाधड़ी के मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा

हर्ष रवि कांत


लेखक के बारे में