मप्र: पैसों के विवाद में दलित व्यक्ति से अमानवीय व्यवहार, वीडियो सामने आने पर आरोपी गिरफ्तार
मप्र: पैसों के विवाद में दलित व्यक्ति से अमानवीय व्यवहार, वीडियो सामने आने पर आरोपी गिरफ्तार
मुरैना, तीन फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पैसे को लेकर विवाद के चलते एक दलित व्यक्ति के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया और उसे अश्लील कृत्य करने के लिए मजबूर किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर अंबाह तहसील में हुई ।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज किया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पीड़ित युवक उसी गली में किराए के मकान में रहता था, जहां आरोपी रहता था।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद पीड़ित युवक का परिवार डर के मारे घर से निकल गया और फिलहाल उसका कोई अता-पता नहीं है।
सौरभ ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र तोमर पुराना अंबाह थानाक्षेत्र के रेटपुरा का निवासी है एवं आदतन अपराधी है।
पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र और उसके साथियों ने कथित तौर पर पीड़ित युवक को अपने घर बुलाया और कर्ज की राशि वापस नहीं करने पर उसके साथ मारपीट की एवं उसे अपमानित किया।
पुलिस ने कहा कि इस युवक को कथित रूप से प्रताड़ित करने वाले दो वीडियो सामने आए हैं।
एक वीडियो में दिख रहा है कि इस युवक को मुर्गा बनने के लिए मजबूर किया जा रहा है और फिर खुद को थप्पड़ मारने के लिए कहा जा रहा है।
दूसरे वीडियो में दिख रहा है कि युवक को अंबा जनपद कार्यालय के पीछे ले जाया गया और अश्लील हरकतें करने के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वीडियो कथित तौर पर मुख्य आरोपी के एक सहयोगी ने रिकॉर्ड किया था।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) रवि भदौरिया ने कहा कि पीड़ित पहले आरोपी की गली में किराए पर रहता था, लेकिन उत्पीड़न के कारण अपने परिवार के साथ दूसरे स्थान पर चला गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


