मप्र : जिलाधिकारी का वॉट्सऐप खाता हैक, परिचितों से धन की मांग

Ads

मप्र : जिलाधिकारी का वॉट्सऐप खाता हैक, परिचितों से धन की मांग

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 08:12 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 08:12 PM IST

बड़वानी, छह अप्रैल (भाषा) साइबर अपराधियों ने मध्यप्रदेश के बड़वानी की जिलाधिकारी जयति सिंह के वॉट्सऐप खाते में सोमवार को सेंध लगाते हुए उनके कुछ परिचितों से धन की मांग की, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सिंह ने अपने फेसबुक खाते पर कहा,‘‘अत्यंत महत्वपूर्ण सूचना। मैं सभी नागरिकों को सूचित करना चाहती हूं कि मेरे वॉट्सऐप खाते से संबंधित धोखाधड़ी की सूचना प्राप्त हुई है। यदि मेरे मोबाइल नंबर से किसी भी प्रकार की धनराशि या अन्य संदिग्ध मांग की जाती है, तो कृपया उस पर बिल्कुल भी विश्वास न करें और कोई लेन-देन न करें।’’

जिलाधिकारी ने इस पोस्ट के साथ वॉट्सऐप चैट के कुछ ‘स्क्रीनशॉ’ट भी साझा किए। स्क्रीनशॉट में साइबर अपराधियों द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2016 बैच की अधिकारी का वॉट्सऐप खाता हैक करने के बाद उनके परिचितों को भेजे गए संदेश दिखाई दे रहे हैं।

संदेशों में यह कहते हुए तुरंत 50,000 रुपये की मदद मांगी गई है कि जिलाधिकारी का यूपीआई खाता काम नहीं कर रहा है।

जनसंपर्क विभाग ने आम लोगों को आगाह किया है कि वे ऐसे संदेशों के आधार पर धन का कोई भी लेन-देन नहीं करें क्योंकि ये संदेश हैकरों ने भेजे हैं।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि साइबर अपराधियों द्वारा जिलाधिकारी का वॉट्सऐप खाता हैक करने के मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं. हर्ष

धीरज

धीरज