मप्र : घर में अकेले रहने वाले बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शव को चूहों ने कुतरा

Ads

मप्र : घर में अकेले रहने वाले बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शव को चूहों ने कुतरा

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 04:48 PM IST

इंदौर, 16 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर में 65 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसका क्षत-विक्षत शव बरामद होने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति की मौत संभवतः दो दिन पहले हुई और शव पर चूहों के कुतरने के निशान मिले हैं।

चंदन नगर थाने के प्रभारी तिलक करोले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतक की पहचान छगन दावड़े (65) के रूप में हुई है और उनकी मौत के बारे में तब पता चला, जब क्रिकेट खेल रहे बच्चों की गेंद उनके खंडहरनुमा मकान में चली गई।

उन्होंने बताया, “घटना के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि दावड़े के तीन बेटे हैं, जो उनसे अलग रहते हैं। उनकी पत्नी का छह माह पहले निधन हो चुका है।”

करोले के मुताबिक, पत्नी की मौत के बाद दावड़े अपने घर में अकेले रहते थे।

उन्होंने बताया, “दावड़े की मौत दो दिन पहले होने की आशंका है। उनके शव पर चूहों के कुतरने के निशान मिले हैं। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के दल ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।”

करोले ने बताया कि दावड़े के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही उनकी मौत की वजह पता चल सकेगी।

उन्होंने बताया कि दावड़े के परिजनों और पड़ोसियों के बयान लिए जाएंगे तथा उनके घर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे।

करोले ने कहा, “जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।”

भाषा

हर्ष पारुल

पारुल