मप्र : भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में एमबीबीएस की प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत

मप्र : भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में एमबीबीएस की प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत

मप्र : भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में एमबीबीएस की प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत
Modified Date: February 10, 2026 / 07:51 pm IST
Published Date: February 10, 2026 7:51 pm IST

भोपाल, 10 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस की प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि छात्रा का शव कोहेफिजा थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी छात्रावास के शौचालय में मिला। मौके से एसिड की एक खाली बोतल बरामद हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोहेफिजा थाने के प्रभारी कृष्ण गोपाल शुक्ला ने बताया कि मृतका की पहचान अलीराजपुर निवासी रोशनी कलेश के रूप में हुई है। रोशनी ने अक्टूबर में गांधी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था और कोहेफिजा क्षेत्र में छात्रावास में रह रही थी।

उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह तय समय पर कॉलेज नहीं पहुंचने पर उसकी सहेलियों को शक हुआ। कमरे की तलाश करने पर वह शौचालय में मिली, जिसका दरवाजा अंदर से बंद था।

काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और मोबाइल फोन पर कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर छात्रावास के कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा। शौचालय में छात्रा फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली।

पुलिस ने बताया कि छात्रा को सुबह करीब साढ़े आठ बजे हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा पढ़ाई को लेकर मानसिक तनाव में थी। पुलिस को उसके मोबाइल फोन में परिवार को भेजे गए कुछ संदेश मिले हैं, जिनमें उसने पढ़ाई समझ में नहीं आने और तनाव का जिक्र किया है। ऐसा बताया गया है कि वह एक सप्ताह पहले ही घर से लौटकर आई थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

भाषा

दिमो

रवि कांत


लेखक के बारे में