इंदौर (मध्यप्रदेश), 25 मई (भाषा) इंदौर में ‘अनैतिक संबंधों’ के विवाद में 34 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली और इसकी जानकारी मिलने पर महिला के कथित प्रेमी ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक शहर के हीरा नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अनैतिक संबंधों के विवाद में रविवार को गला घोंटकर 28 साल की पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
अधिकारी ने बताया कि कथित सुसाइड नोट में इस व्यक्ति ने कहा कि पीथमपुर में रहने वाले एक शख्स ने उसकी पत्नी को बहला-फुसला कर उसके साथ शारीरिक रिश्ते कायम कर लिए थे और वह महिला की निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दे रहा था।
पत्र में इस व्यक्ति ने यह भी लिखा कि उसकी पत्नी का कथित प्रेमी समझाए जाने पर भी नहीं मान रहा था और उसने उसे एक स्थान पर बुलाकर पिटवाया भी था।
हीरा नगर थाने के प्रभारी सुशील पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विवाहिता का कथित प्रेमी पीथमपुर के एक कारखाने में काम करता था और उसे जैसे ही महिला और उसके पति की मौत की खबर मिली, वह खंडवा जिले में अपने पैतृक गांव पहुंच गया।
उन्होंने बताया कि विवाहिता के कथित प्रेमी ने गांव पहुंचने के बाद जहर खा लिया और खंडवा के जिला चिकित्सालय ले जाए जाने पर उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों लोगों की मौत की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
भाषा
हर्ष रवि कांत