ग्वालियर/मुरैना (मध्यप्रदेश), नौ अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. गोविंद सिंह ने मुरैना में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक वनरक्षक की हत्या किए जाने का उल्लेख करते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा का नहीं, बल्कि माफिया का शासन है।
चंबल अभयारण्य में बुधवार सुबह अवैध रेत खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर एक माफिया ने हमला कर दिया और वनरक्षक हरकेश गुर्जर (35) की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हत्या कर दी थी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके गोविंद सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मध्यप्रदेश में भाजपा का नहीं, बल्कि माफिया का शासन है। ये माफिया सरकार के संरक्षण में हर जिले में रेत, मिट्टी और मुरम से लेकर पत्थर तक का अवैध खनन कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में माफियाओं के हौंसले इतने बुलंद है कि वे हत्याएं करने में भी पीछे नहीं हैं।
गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि हर जिले में खनन माफिया का शासन है और यह काम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के सरंक्षण में हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में मुरैना में 13 और भिंड में 19 लोगों की हत्याएं खनन माफिया के वाहनों से की जा चुकी है।
इस बीच, यह बात सामने आयी है कि मुरैना में हरकेश गुर्जर की हत्या में इस्तेमाल की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली भाजपा के दो स्थानीय पदाधिकारियों की ‘पार्टनरशिप’ में चल रही थी।
भाषा सं ब्रजेन्द्र राजकुमार
राजकुमार