सिंगरौली, 17 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार को नकाबपोश बदमाशों के एक गिरोह ने हथियारों के बल पर एक सरकारी बैंक से दिनदहाड़े 14 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सिंगरौली के बैढ़नविंध्य नगर मुख्य मार्ग स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार की दोपहर हुई इस घटना के बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी करते हुए नाकाबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि लुटेरों के गिरोह में कुल पांच लोग शामिल थे, जिनमें चार नकाबपोश बंदूक लेकर अंदर घुसे थे जबकि एक कट्टा लेकर बैंक के बाहर उन्हें सुरक्षा दे रहा था।
उन्होंने बताया कि लुटेरों ने बैंक के प्रबंधक के कनपटी पर बंदूक लगा दी और 14 लाख रुपये से भरे एक बक्से को ले भागे।
परिहार ने बताया, ‘‘बाकी और क्या कुछ ले गए हैं, इसके लिए बैंक के लॉकरों को खंगाला जा रहा है।’’
उन्होंने बताया कि लुटेरों ने 20 मिनट के अंदर घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।
घटना के समय बैंक में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लुटेरों ने बैंक में घुसते ही कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियारों के बल पर काबू कर लिया तथा दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी भी की।
उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को जमीन पर बैठने के लिए मजबूर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है, जिसके बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र