मप्र: नर्मदा में नौ होमगार्ड जवानों को ले जा रही मोटरबोट डूबी, सभी सुरक्षित बचाए गए
मप्र: नर्मदा में नौ होमगार्ड जवानों को ले जा रही मोटरबोट डूबी, सभी सुरक्षित बचाए गए
जबलपुर, पांच सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में शुक्रवार को नर्मदा नदी में नौ होमगार्ड जवानों को ले जा रही एक मोटरबोट इंजन में लकड़ी का टुकड़ा फंस जाने के कारण डूब गई। घटना के बाद मची अफरातफरी के बीच सभी जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने उन खबरों को खारिज किया जिसमें कहा गया कि ग्वारीघाट क्षेत्र में गश्त कर रही मोटरबोट पर क्षमता से अधिक जवान सवार थे।
उन्होंने कहा कि घटना के समय नौका में सवार सभी जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी।
ग्वारीघाट थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद टीम को नदी में गश्त के लिए तैनात किया गया था तभी पानी में तैर रहा लकड़ी का एक टुकड़ा मोटरबोट के इंजन में फंस गया, जिससे इंजन खराब हो गया।
उन्होंने बताया कि तेज बहाव के बीच मोटरबोट डूबने लगी, जिससे उसमें सवार जवानों में घबराहट फैल गई। कुछ जवान तैरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, जबकि स्थानीय नाविकों ने तत्काल मदद करते हुए अन्य जवानों को भी बाहर निकाल लिया।
बघेल ने इस दावे से भी इनकार किया कि मोटरबोट में चार लोगों के बैठने की क्षमता थी और उस पर इससे दोगुने लोग सवार थे।
उन्होंने कहा कि सभी जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस और होमगार्ड के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।
जबलपुर में होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर ने बताया कि बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के घाटों के लिए सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी किया गया था और ग्वारीघाट में होमगार्ड की एक टीम तैनात की गई थी।
यह घटना 30 अप्रैल को जबलपुर के बरगी क्षेत्र में हुए नौका हादसे के कुछ महीने बाद हुई है जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी।
भाषा सं दिमो नेत्रपाल खारी
खारी

Facebook


