मप्र : दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने निजी विश्वविद्यालय में घुसकर तोड़-फोड़ की, कार्यक्रम रुकवाया

मप्र : दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने निजी विश्वविद्यालय में घुसकर तोड़-फोड़ की, कार्यक्रम रुकवाया

मप्र : दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने निजी विश्वविद्यालय में घुसकर तोड़-फोड़ की, कार्यक्रम रुकवाया
Modified Date: February 12, 2026 / 08:38 pm IST
Published Date: February 12, 2026 8:38 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 फरवरी (भाषा) इंदौर में बृहस्पतिवार को दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने यह आरोप लगाते हुए एक निजी विश्वविद्यालय में तोड़-फोड़ की कि 14 फरवरी को मनाए जाने वाले ‘वेलेंटाइन डे’ को लेकर उच्च शिक्षा संस्थान के परिसर में अश्लील कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था।

विश्वविद्यालय ने ऐसे कार्यक्रम के आयोजन से साफ इनकार किया। विश्वविद्यालय ने कहा कि ‘अनधिकृत व्यक्तियों के एक समूह’ ने संस्थान के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और विद्यार्थियों के उस कार्यक्रम को बाधित किया जिसमें व्यावसायिक कौशल के विकास के मकसद से छात्र-छात्राओं द्वारा परिसर में बेकरी उत्पाद बेचे जा रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने संवाददाताओं को बताया,‘‘हमें शुरुआती तौर पर पता चला है कि गांधी नगर थानाक्षेत्र में एनएमआईएमएस विश्वविद्यालय के परिसर में वेलेंटाइन डे को लेकर एक कार्यक्रम चल रहा था। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने परिसर में दाखिल होकर इस कार्यक्रम को रुकवा दिया।’’

लालचंदानी के मुताबिक कार्यक्रम में दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद हंगामा हुआ और उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में रखीं कुछ कुर्सियां एवं मेजें तोड़ दीं।

डीसीपी ने बताया कि निजी विश्वविद्यालय में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।

लालचंदानी ने बताया,‘‘वीडियो फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से बात की जा रही है। तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।’

विश्व हिंदू परिषद के समरसता विभाग के स्थानीय संयोजक तन्नू शर्मा ने आरोप लगाया कि निजी विश्वविद्यालय के परिसर में ‘वेलेंटाइन डे’ को लेकर आयोजित कार्यक्रम के नाम पर विद्यार्थियों के बीच अश्लीलता परोसी जा रही थी।

उन्होंने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ता इस आयोजन पर विरोध जताने के लिए निजी विश्वविद्यालय में गए थे।

शर्मा ने हालांकि इस बात से इनकार किया कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में तोड़-फोड़ की।

एनएमआईएमएस के स्थानीय परिसर के एक प्रवक्ता ने कहा,‘‘कुछ अनधिकृत व्यक्तियों का समूह हमारे परिसर में घुस आया और विद्यार्थियों द्वारा आयोजित ‘बेक एंड सेल’ कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न की। इस समूह ने परिसर के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया।’’

प्रवक्ता के मुताबिक ‘बेक एंड सेल’ कार्यक्रम के तहत बेकरी उत्पाद बेचने से जुड़ी यह गतिविधि विश्वविद्यालय की सह पाठ्यचर्या का हिस्सा थी जिसका उद्देश्य व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों में व्यावसायिक कौशल विकसित करने में मदद करना था।

प्रवक्ता ने कहा,‘‘हम पुष्टि करते हैं कि हमारे सुरक्षा प्रोटोकॉल को तुरंत सक्रिय करने और स्थानीय पुलिस के त्वरित हस्तक्षेप से किसी भी विद्यार्थी या कर्मचारी को घटना के दौरान कोई नुकसान नहीं हुआ। हालात को पेशेवर तरीके से संभाला गया और समूह में शामिल व्यक्तियों को तितर-बितर कर दिया गया।’’

भाषा हर्ष

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में