मप्र: पानी बचाने के लिए होंगे 2,500 करोड़ रुपये के काम, मुख्यमंत्री ने शुरू किया अभियान

मप्र: पानी बचाने के लिए होंगे 2,500 करोड़ रुपये के काम, मुख्यमंत्री ने शुरू किया अभियान

मप्र: पानी बचाने के लिए होंगे 2,500 करोड़ रुपये के काम, मुख्यमंत्री ने शुरू किया अभियान
Modified Date: March 19, 2026 / 07:04 pm IST
Published Date: March 19, 2026 7:04 pm IST

इंदौर, 19 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि सूबे में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए चार महीने से भी लंबा अभियान चलाकर करीब 2,500 करोड़ रुपये के काम किए जाएंगे।

उन्होंने राज्य सरकार के ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का उद्घाटन करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर इंदौर में आयोजित समारोह में कहा,‘‘प्रदेश में इस अभियान का यह तीसरा वर्ष है। इस साल यह अभियान 139 दिनों तक चलेगा जिसके तहत प्रदेश भर में जल संरक्षण और संवर्धन के लिए लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाले कार्य किए जाएंगे।’’

यादव ने सूबे के नागरिकों से जल संरक्षण में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ जन-जन का आंदोलन बनना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर इंदौर में जल संरक्षण और संवर्धन संबंधी लगभग 22 करोड़ रुपये के कार्यों की नींव भी रखी जिनमें तीन प्रमुख तालाबों का जीर्णोद्धार शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत इस वर्ष जिन कार्यों को प्राथमिकता दी गई है, उनमें नये तालाबों का निर्माण, पुराने तालाबों का पुनर्जीवन, कुएं और बावड़ियों की मरम्मत, नहरों का निर्माण और सुधार, सूखी नदियों का पुनर्जीवन और भू-जल पुनर्भरण के लिए संरचनाओं का निर्माण शामिल है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के 10,000 से अधिक चेक डेम और स्टॉप डेम के रख-रखाव के साथ ही पेयजल की गुणवत्ता और स्वच्छता बढ़ाने के कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक इन सभी कार्यों का उद्देश्य प्रदेश में वर्षा जल का अधिकतम संचयन करना और जल स्रोतों को स्थायी बनाना है।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में