मैहर (मध्यप्रदेश), 30 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मैहर जिले के एक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पोषण आहार के नाम पर कथित तौर पर नमक-पूड़ी परोसे जाने का मामला सामने आया है, जिसके बाद प्रशासन ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं।
जिले के ग्राम ककरा स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र की इस कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि बच्चों को निर्धारित पोषण आहार के स्थान पर केवल नमक और पूड़ी परोसी गई।
मैहर के जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) राजेंद्र बांगरे ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को जांच के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी कर्मचारी या जिम्मेदार व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भाषा ब्रजेन्द्र शफीक
शफीक