दतिया। Datia By-Election Latest News: मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। दोपहर तीन बजे तक 61.99% वोटिंग हो चुकी है। ग्रामीण इलाकों के बूथ पर मतदाताओं की कतारें लगी हैं। इसी बीच अब बड़ी खबर सामने आई है। जिगना थाना क्षेत्र स्थित एक मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Datia By-Election Latest News: जानकारी के अनुसार, मतदान केंद्र पर बाहरी लोगों के पहुंचने को लेकर विवाद शुरू हुआ। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक फर्जी मतदान कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। कांग्रेस नेताओं ने मामले की शिकायत निर्वाचन अधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने और पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है। वहीं, घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मतदान केंद्र के बाहर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हंगामे की स्थिति दिखाई दे रही है। फिलहाल निर्वाचन अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है। वहीं, प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
दतिया में रामसागर गांव के मतदान केंद्र से पुलिस, कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को अपने साथ ले गई। एजेंट पर मतदाताओं से बात करने का आरोप लगाया गया है। जब साथियों ने इसका वीडियो बनाया तो पुलिस ने उन्हें रोका। हालांकि, कांग्रेस नेताओं के थाने पहुंचने पर पुलिस ने पोलिंग एजेंट को छोड़ दिया।