नरसिंहपुर, 23 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में बरमन के पास सोमवार को एक निर्माणाधीन पुल पर पिकअप वाहन के पलट जाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बरमन चौकी इलाके में सौताला पुलिस थाना क्षेत्र के तहत उस समय हुई जब छिंदवाड़ा से 10 मजदूरों को लेकर नरसिंहपुर जा रहा एक वाहन पलट गया।
उन्होंने बताया कि ये मजदूर राजमार्ग पर निर्माण कार्य के लिए नरसिंहपुर जा रहे थे।
थाना प्रभारी प्रियंका केवट ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, ‘ इस हादसे में छिंदवाड़ा जिले के रहने वाले रतनलाल (60), कामनिया बाई (50) और भरत लाल ठाकुर (45) की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर है। घायलों को करेली के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत