मैहर, 20 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के मैहर जिले में शुक्रवार को कुछ मंत्रियों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला फूंके जाने के समय एक यातायात पुलिसकर्मी की वर्दी में आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह प्रदर्शन मैहर शहर के अग्रसेन तिराहा पर हुआ।
प्रदर्शनकारियों द्वारा बोतल में भरकर लाया गया पेट्रोल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी विक्रम पाठक की वर्दी पर गिर गया, जिससे आग लग गई और वह बुरी तरह झुलस गए।
कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य सरकार के मंत्रियों राजेंद्र शुक्ला (स्वास्थ्य), विजय शाह (आदिवासी मामलों) और कैलाश विजयवर्गीय (संसदीय मामलों) के खिलाफ नारे लगाते हुए पुतला जला रहे थे।
जहां विपक्षी दल पिछले साल कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ शाह की विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर उन्हें निशाना बना रहा है, वहीं इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के मद्देनजर वे शुक्ला और विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों द्वारा पुतला जलाने की कोशिश के दौरान पेट्रोल पाठक की वर्दी पर गिर गया और उसमें आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से उनकी पीठ और शरीर के निचले हिस्से तक फैल गई, जिससे प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी मच गई।
सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी प्रसारित हुआ है जिसमें आग लगने के तुरंत बाद भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों व स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कंबल व पानी की मदद से आग बुझाई।
अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी को तुरंत मैहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चिकित्सकों ने बताया कि पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें आई हैं लेकिन उसकी जान को कोई खतरा नहीं है।
उन्होंने बताया कि मामले का गंभीर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पुतला जलाने के दौरान ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया गया।
दुर्घटना के बाद विरोध स्थल और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भोपाल में कहा, “मैंने पुलिसकर्मी से बात की। मैंने उनके लिए प्रार्थना की। विरोध करने का एक तरीका होता है। जो कुछ भी हुआ वह सही नहीं है।”
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष