भोपाल, 17 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में इस बार मध्यप्रदेश का दबदबा बढ़ा है, जिसमें राज्य के छह नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहित अन्य प्रमुख पदों पर जिम्मेदारी दी गई है।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में मध्यप्रदेश से सिर्फ दो ही नाम शामिल थे, जिनमें एक सचिव के पद पर थे जबकि दूसरे पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।
भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से घोषित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में मध्यप्रदेश की खरगोन-बड़वानी लोकसभा सीट से सांसद गजेन्द्र पटेल को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।
इनके अलावा इस सूची में मध्यप्रदेश के खजुराहो से लोकसभा सदस्य विष्णु दत्त शर्मा, राज्यसभा सदस्य बंशी लाल गुर्जर और कविता पाटीदार तथा प्रदेश मीडिया विभाग के प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल के नाम भी शामिल हैं।
सूची के अनुसार कविता पाटीदार को जहां राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है, वहीं शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। गुर्जर को किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है जबकि अग्रवाल को मीडिया विभाग का सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।
पिछली टीम में गुर्जर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे जबकि मध्यप्रदेश के ओम प्रकाश धुर्वे सचिव थे। वर्तमान टीम में धुर्वे की जगह पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।
लाल सिंह आर्य पिछली टीम में अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उनकी जगह नई टीम में बिहार के शिवेश कुमार राम को भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
हाल ही में मध्यप्रदेश से राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित होने वाले तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। वह मूल रूप से पंजाब के रहने वाले हैं।
भाषा ब्रजेन्द्र
अमित
अमित