शिवपुरी। MLA Pritam Lodhi: मध्यप्रदेश की पिछोर विधानसभा सीट भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एसडीओपी को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान को लेकर कहा कि उन्होंने जो कुछ कहा, “सोच-समझकर कहा है” और अपने बयान पर कायम हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को बार-बार थाने बुलाकर अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में वे पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन परिवार के साथ हो रहे व्यवहार से वे आहत हैं।
प्रीतम लोधी ने एसपी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनसे कहा गया कि “दिल्ली से कॉल आ रहा है।” इस पर उन्होंने सवाल किया कि आखिर वह कॉल किसका है क्या यह कॉल नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्योतिरादित्य सिंधिया या योगी आदित्यनाथ में से किसी का है? उन्होंने यह भी पूछा कि एसपी की सीधी बातचीत आखिर किससे होती है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए विधायक ने पूर्व विधायक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर पूर्व विधायक खुद को “पहलवान” मानते हैं तो सामने आकर मुकाबला करें, वे “दंगल कराने को तैयार हैं।” लोधी ने आरोप लगाया कि जनता का पैसा ग्वालियर और विदेशों में खर्च किया गया, जबकि खुद की चर्बी कम कराने के लिए लाखों रुपये विदेशों में खर्च किए गए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर पूर्व विधायक चुनाव लड़ेंगे तो “आटे-दाल का भाव पता चल जाएगा।” इस बयान के बाद एक बार फिर जिले की राजनीति गरमा गई है और सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
इन्हें भी पढ़ें:-