मप्र राज्य सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम घोषित, शीर्ष 10 में छह महिलाएं शामिल

Ads

मप्र राज्य सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम घोषित, शीर्ष 10 में छह महिलाएं शामिल

  •  
  • Publish Date - January 18, 2025 / 07:44 PM IST,
    Updated On - January 18, 2025 / 07:44 PM IST

इंदौर, 18 जनवरी (भाषा) मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम शनिवार शाम घोषित किया और शीर्ष 10 सफल उम्मीदवारों में छह महिलाओं ने जगह बनाई है। एमपीपीएससी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घोषित परिणाम के मुताबिक दीपिका पाटीदार राज्य सेवा परीक्षा 2022 में शीर्ष स्थान पर रहीं और उप जिलाधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) पद पर चयनित हुईं।

उन्होंने बताया कि उप जिलाधिकारी पद पर चयनित शीर्ष 10 उम्मीदवारों में क्रमश: आदित्य नारायण तिवारी, सुरभि जैन, महिमा चौधरी, धर्मप्रकाश मिश्रा, शानू चौधरी, स्वाति सिंह, उमेश अवस्थी, कविता देवी यादव और प्रत्युष श्रीवास्तव शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि राज्य सेवा परीक्षा 2022 के लिए मूलत: 456 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था लेकिन सरकारी नौकरियों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का मुकदमा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में लम्बित होने के कारण फिलहाल इनमें से 87 प्रतिशत पदों का चयन परिणाम घोषित किया गया है।

उन्होंने बताया कि शेष 13 प्रतिशत पदों की चयन सूची इस मुकदमे में अदालत के अंतिम फैसले के बाद घोषित की जाएगी।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र