मध्यप्रदेश के मंदसौर में छापेमारी के दौरान 12 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ और उपकरण जब्त
मध्यप्रदेश के मंदसौर में छापेमारी के दौरान 12 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ और उपकरण जब्त
मंदसौर (मध्यप्रदेश), आठ फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने मेफेड्रोन (एमडी) की अवैध दवा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया और करीब 12 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ, रसायन व अन्य उपकरण जब्त किए। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को सुरजाना गांव के एक खेत में छापा मारा गया, जहां अवैध रूप से संचालित इकाई से 100 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स और इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाला रसायन जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने बताया कि आरोपियों के पास से पुलिस ने 102 ग्राम एमडी ड्रग्स, 12.61 किलोग्राम रासायनिक मिश्रण, 3.54 किलोग्राम ‘ट्रांसपेरेंट लिक्विड’, दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला 680 ग्राम सफेद रासायनिक पाउडर, एक गैस सिलेंडर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
गरोठ पुलिस थाने के प्रभारी हरीश मालवीय ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों और रसायनों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 से 12 करोड़ रुपये है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 1,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान दीपक सिकलीगर (32) और सुमित सिकलीगर (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब

Facebook


