बदमाश के कंधों पर बैठकर नाचने के मामले में पुलिस अधिकारी निलंबित

Ads

बदमाश के कंधों पर बैठकर नाचने के मामले में पुलिस अधिकारी निलंबित

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 06:17 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 06:17 PM IST

मुरैना, दो मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक थाना प्रभारी को थाना परिसर में आयोजित अपने जन्मदिन समारोह के दौरान हिस्ट्रीशीटर के कंधों पर बैठकर नाचने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना का वीडियो उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि जौरा थाने के थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला का जन्मदिन समारोह 28 फरवरी की रात करीब नौ बजे थाना परिसर में आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि समारोह में केक काटा गया, मालाएं पहनाई गईं और बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे।

उन्होंने बताया कि समारोह में मुरैना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर लवकुश शर्मा भी मौजूद था, जिसके खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

एक वीडियो में शर्मा शुक्ला को अपने कंधों पर बैठाकर नाचता हुआ दिखाई दे रहा है, वीडियो में अन्य पुलिसकर्मी भी उनके पीछे नाचते नजर आ रहे हैं।

मुरैना सिटी कोतवाली थाने के अभिलेखों के अनुसार, शर्मा को गत 12 जून को मोटरसाइकिल चोरी के 13 मामलों में गिरफ्तार किया गया था। सूत्रों ने बताया कि उस पर बिजली विभाग के एक सहायक अभियंता तथा अन्य कर्मचारियों से मारपीट का भी आरोप है।

बचाव में शुक्ला ने कहा कि समारोह में काफी संख्या में लोग आए थे और उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि कौन-कौन उपस्थित था।

उन्होंने यह भी दावा किया कि जिसने उन्हें कंधों पर उठाया, वह पुलिस का मुखबिर है, और उसने कुछ मामलों में सूचना दी है।

मुरैना के पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने कहा कि शुक्ला का आचरण पुलिस मैनुअल के विपरीत है।

उन्होंने कहा, ‘‘शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

भाषा सं दिमो रंजन

रंजन