भोपालः Datia by-election मध्य प्रदेश में दतिया उपचुनाव की तारीख जैसे-जैसे पास आ रही है..वैसे-वैसे एमपी का सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। बीजेपी और कांग्रेस का पूरा फोकस इस समय दतिया इलेक्शन पर आ टिका है। दिल्ली से लेकर भोपाल और दतिया तक, रायशुमारी और दिग्गजों के जमावड़े का दौर शुरू है। दोनों पार्टियों में प्रत्याशियों के सलेक्शन को लेकर चिंतन मंथन जारी है। वहीं गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता के मामले में सुनवाई हुई, जिस पर जस्टिस मनोज जैन की अदालत शुक्रवार को फैसला सुनाएगी। दतिया में जहां कांग्रेस अपनी जीत का दावा करती नजर आ रही है तो बीजेपी कह रही है कि दतिया में कांग्रेस के पास कैंडिडेट का टोटा है। दतिया की जनता बीजेपी के साथ है।
Datia by-election कुल मिलाकर दतिया के दंगल में दोनों पार्टियां एक-दूसरे को शिकस्त देने का दावा कर रही हैं, लेकिन कैंडिडेट के नाम पर बना सस्पेंस कई सवाल खड़े कर रहा है। सवाल ये कि क्या बीजेपी और कांग्रेस दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार कर रही हैं? सवाल ये कि क्या बीजेपी से नरोत्तम मिश्रा ही कैंडिडेट होंगे या पार्टी किसी और पर दांव खेलेगी? सवाल ये कि राजेंद्र भारती के परिवार के इनकार के बाद कांग्रेस से रण में कौन उतरेगा? सवाल ये भी कि क्या दतिया उपचुनाव, आगामी नगरीय निकाय चुनाव का सेमीफाइनल है?