ग्वालियर (मध्यप्रदेश), 18 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक ग्वालियर किला में एक रूसी महिला पर्यटक के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मनीष यादव ने संवाददाताओं को बताया कि यह रील दो दिन पहले उस समय शूट की गई थी, जब विदेशी पर्यटकों का एक समूह किले का दौरा कर रहा था।
उन्होंने कहा, ‘‘राधे गुर्जर ने एक रूसी महिला पर्यटक को अपने साथ वीडियो शूट करने के लिए राजी किया। महिला एक सामान्य रील रिकॉर्ड करने के लिए सहमत हो गई, लेकिन आरोपी ने वीडियो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और अश्लील टिप्पणी की। चूंकि महिला को हिंदी समझ में नहीं आती थी, इसलिए वह मुस्कुराती रही।’’
अधिकारी के अनुसार, गुर्जर ने बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद उसके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
यादव ने बताया, ‘‘आरोपी पहले फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर ग्वालियर लाया गया। इस वीडियो से ग्वालियर और देश की छवि धूमिल हुई है। गुर्जर ने दावा किया है कि उसने वीडियो हटा दिया है, माफी मांगी है और भविष्य में इस तरह की सामग्री न बनाने का वादा किया है।’’
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी
खारी