मप्र के मुरैना में पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को मारी टक्कर, तीन की मौत

मप्र के मुरैना में पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को मारी टक्कर, तीन की मौत

मप्र के मुरैना में पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को मारी टक्कर, तीन की मौत
Modified Date: July 13, 2026 / 01:50 pm IST
Published Date: July 13, 2026 1:50 pm IST

मुरैना (मध्यप्रदेश), 13 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना में सोमवार सुबह पत्थरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने श्रद्धालुओं को लेकर जा रहे एक ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे उसपर सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में पारासर की तिबारियां के पास हुए इस हादसे में घायल हुए लोगों में से तीन की हालत गंभीर है, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों में दो साल की एक बच्ची भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, श्रद्धालु ऑटो पर सवार होकर बानमौर से माता बसैया मंदिर दर्शन के लिए से जा रहे थे तभी पारासर की तेवरिया के पास सामने से आ रही पत्थरों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को टक्कर मार दी।

माता बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि दुर्घटना में महेंद्र राठौर (50), मनोरमा राठौर (45) और ऑटो रिक्शा चालक रामकेश (26) की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया जबकि वाहन को जब्त कर लिया गया है।

तोमर ने कहा कि मामले में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं पत्थरों का अवैध परिवहन तो नहीं हो रहा है क्योंकि स्थानीय लोगों ने इसकी आशंका जताई है।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में