मप्र के छतरपुर जिले में ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार तीन लोगों की मौत

Ads

मप्र के छतरपुर जिले में ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 09:00 AM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 09:00 AM IST

छतरपुर, 25 मई (भाषा) मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक की ई-रिक्शा से टक्कर हो जाने से दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है और उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

हादसे में घायल करंजू आदिवासी ने बताया कि वह नंदगांव स्थित अपने ससुराल से अपने परिवार के साथ ई-रिक्शा से अपने गांव हटनई लौट रहा था और तभी मातगुवां थाना क्षेत्र के हटवाहा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।

उसने बताया कि ई-रिक्शा में उसके परिवार के सात सदस्य सवार थे।

मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि हादसे में सुमन आदिवासी (17), उसकी छोटी बहन सोमवती आदिवासी (आठ) और राजकुमार आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि घायलों में से दो को ग्वालियर रेफर किया गया है।

उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।

भाषा सं दिमो सिम्मी

सिम्मी