भोपाल, 29 जून (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित त्विषा शर्मा हत्या मामले में आरोपी उसकी सास गिरिबाला सिंह के घर शनिवार देर रात चोरी हो गई, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रजनीश कश्यप ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल के आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरे से पता चला है कि चार आरोपी पीछे के रास्ते से गिरिबाला सिंह के घर की पहली मंजिल पर पहुंचे थे, जबकि दो घर के बाहर नीचे खड़े थे।
उन्होंने कहा कि घटना के वक्त गिरिबाला सिंह के भाई सेवानिवृत्त कर्नल रणवीर सिंह भदौरिया घर में सो रहे थे और उन्हीं की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
त्विषा शर्मा की मौत मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के प्रमुख रहे कश्यप ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान और धर-पकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात दो बजे के आसपास चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया और एक सोने के हार तथा चांदी के कुछ सामान पर हाथ साफ कर लिया।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद इलाके में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की गाड़ी के सायरन की आवाज सुनकर चोर घबरा गए और एक झोले में भरा सामान छोड़कर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा भी किया लेकिन वे चकमा देने में कामयाब रहे।
कश्यप ने बताया कि बरामद झोले में से एक नेकलेस, चांदी के कुछ सामान और कुछ कपड़े मिले हैं।
उन्होंने इस बात से इनकार किया कि चोरों ने कुछ फाइल और दस्तावेज भी चुराए हैं।
गिरिबाला सिंह का घर भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में है। इसी घर में गिरिबाला सिंह की बहू 33 वर्षीय त्विषा शर्मा 12 मई को फंदे से लटकी मिली थीं।
गिरिबाला सिंह के साथ उनका बेटा और त्विषा का पति समर्थ सिंह भी मामले में आरोपी हैं और दोनों भोपाल के केंद्रीय कारागार में बंद हैं।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस प्रकरण की जांच कर रहा है।
गिरबाला भोपाल की पूर्व जिला न्यायाधीश हैं।
भाषा ब्रजेन्द्र वैभव
वैभव