मुरैना (मध्यप्रदेश), 13 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना में एक वन आरक्षक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है लेकिन मुख्य आरोपी अभी तक फरार है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी के लिए पुलिस ने 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है और चार टीम गठित कर उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लेने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि आठ अप्रैल को अवैध रेत खनन कर्मियों की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 35 वर्षीय वन आरक्षक हरकेश गुर्जर को कुचल दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर रणपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-552 पर उस समय हुई थी जब वनकर्मियों ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की जिस पर रेत लदी हुई थी। यह भारत का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है जो राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के चंबल क्षेत्र को जोड़ता है।
पुलिस के अनुसार, गश्ती दल के सदस्य वन आरक्षक गुर्जर ने वाहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन मुख्य आरोपी और वाहन चालक विनोद कोरी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुरैना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह डावर ने पत्रकारों के बताया कि आरोपी पवन तोमर को रविवार देर शाम रपट के पूरा से गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके दूसरे साथी आरोपी अम्बाह थाना अंतर्गत बिलपुर निवासी सोनू चौहान को दो दिन पूर्व गिरफ्तार कर अदालत से पुलिस हिरासत पर लिया जा चुका है।
उन्होंने कहा, ‘‘फरार आरोपी विनोद कोरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई है जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
आरोपी चौहान दिमनी मंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का मंत्री है जबकि तोमर दिमनी में भाजपा की मंडल इकाई का उपाध्यक्ष है।
पुलिस की यह कार्रवाई तब हुई है जब उच्चतम न्यायालय में इस हत्याकांड से संबंधित एक याचिका पर 13 अप्रैल (आज) सुनवाई होनी है।
यह मामला इस हत्याकांड के अगले दिन अप्रैल को न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ के समक्ष उठाया गया था, जो ‘राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य में अवैध रेत खनन और लुप्तप्राय जलीय वन्यजीवों के लिए खतरा’ शीर्षक से एक स्वतः संज्ञान वाले मामले की सुनवाई कर रही है।
मामले का जिक्र पीठ के समक्ष करने वाले वकील ने कहा कि यह अर्जी राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य में अवैध रेत खनन से संबंधित लंबित स्वतः संज्ञान मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त न्यायमित्र ने दायर की थी।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने स्वीकार किया है कि आरोपियों में शामिल दो लोग पार्टी के पदाधिकारी हैं लेकिन उनकी संलिप्तता की अभी जांच चल रही है।
कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि संलिप्तता संबंधी जांच रिपोर्ट आने के बाद पार्टी कार्रवाई के बारे में निर्णय लेगी।
पुलिस ने बताया है कि वारदात वाला वाहन राजस्थान के बूंदी जिले के किसी भंवर लाल मीणा के नाम पर दर्ज है।
अधिकारी ने बताया कि बूंदी में दर्ज बयान में पुलिस को भंवर लाल ने आरोपियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली की बिक्री, स्टांप पर लिखा-पढ़ी के बाद होने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छानबीन में यह भी सामने आया है कि यह ट्रैक्टर-ट्रॉली स्टांप पर सौदा करके बेची गई है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र मनीषा
मनीषा