इंदौर (मध्यप्रदेश), नौ मार्च (भाषा) इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर मरम्मत कार्य के दौरान सोमवार को गर्मी बढ़ने के कारण रनवे के एक हिस्से पर कोलतार (बिटुमेन) की परत पिघलकर ढीली पड़ने के चलते दो यात्री उड़ानों को भोपाल भेजा गया। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हवाई अड्डे के जनसंपर्क अधिकारी रामस्वरूप यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रनवे की री-कार्पेटिंग (मरम्मत) का काम हर रोज रात 11 बजे से सुबह पांच बजे के बीच किया जा रहा है।
यादव ने बताया,‘‘शहर में गर्मी अचानक बढ़ गई है। नियमित निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तापमान ज्यादा होने के कारण रनवे के एक हिस्से पर बिछाए गए बिटुमेन की परत गर्मी के कारण पिघल गई है और तय मानकों के मुकाबले ढीली है। सिविल इंजीनियरों के दल ने 20 मिनट के भीतर इसकी आवश्यक मरम्मत का काम पूरा कर लिया।’’
उन्होंने बताया कि मरम्मत के दौरान इंडिगो एयरलाइंस की दो उड़ानों-दिल्ली-इंदौर और रायपुर-इंदौर को भोपाल भेजा गया और उन्हें सूबे की राजधानी के हवाई अड्डे पर उतारा गया।
यादव ने बताया कि निजी विमानन कंपनी दोनों उड़ानों में सवार यात्रियों को भोपाल से उनके मूल गंतव्य इंदौर लाए जाने की व्यवस्था कर रही है।
उन्होंने बताया कि रनवे की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद इंदौर के हवाई अड्डे पर नियमित उड़ानों की आवाजाही बहाल कर दी गई।
भाषा हर्ष नरेश
नरेश