केंद्रीय ऊर्जा सचिव ने मध्यप्रदेश ताप विद्युत संयंत्र का दौरा किया
केंद्रीय ऊर्जा सचिव ने मध्यप्रदेश ताप विद्युत संयंत्र का दौरा किया
भोपाल, 23 मई (भाषा) केंद्रीय ऊर्जा सचिव पंकज अग्रवाल ने शनिवार को मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बिरसिंहपुर स्थित संजय गांधी ताप विद्युत गृह का दौरा कर उसके प्रदर्शन, कोयले की गुणवत्ता प्रबंधन और पर्यावरणीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (एमपीपीजीसी) के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी पंकज स्वामी ने बताया कि अग्रवाल ने ताप विद्युत गृह की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे दक्ष विद्युत उत्पादन व्यवस्था का उदाहरण बताया।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय ऊर्जा सचिव ने 1,340 मेगावाट क्षमता वाले कोयला आधारित संयंत्र की परिचालन दक्षता तथा कोयला लोडिंग, सैंपलिंग और परीक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया।
अग्रवाल ने एमपीपीजीसी के प्रबंध निदेशक मनजीत सिंह और वरिष्ठ अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक भी की।
अधिकारियों के अनुसार प्रबंध निदेशक ने ताप विद्युत गृहों को कोयले की गुणवत्ता और ग्रेड निर्धारण से जुड़ी समस्याओं के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अग्रवाल ने कोयले की गुणवत्ता और ग्रेडिंग संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
केंद्रीय ऊर्जा सचिव ने कंपनी द्वारा अपनाई गई फ्लाई ऐश प्रबंधन एवं निपटान व्यवस्था की भी सराहना की और श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना में विकसित प्रणाली को आदर्श पहल बताया।
इस दौरान अग्रवाल, मनजीत सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयंत्र परिसर में पौधारोपण भी किया। केंद्रीय ऊर्जा सचिव ने परिसर की हरियाली, स्वच्छता और प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए इसे टिकाऊ एवं जिम्मेदार औद्योगिक संचालन का उदाहरण बताया।
भाषा दिमो गोला
गोला

Facebook


