भोपाल, सात मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा के दौरान ‘प्रोटोकॉल’ का पालन नहीं किए जाने की शनिवार को निंदा की और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से माफी मांगने की मांग की।
इससे पहले बनर्जी ने आरोप लगाया था कि राष्ट्रपति मुर्मू ने उत्तर बंगाल के दौरे के दौरान आदिवासियों के विकास की गति पर सवाल उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘‘सलाह पर’’ बयान दिया। राष्ट्रपति नौवें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में शामिल होने के लिए वहां गई थीं। राष्ट्रपति ने इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के किसी प्रतिनिधि के मौजूद नहीं होने पर आश्चर्य व्यक्त किया था।
यादव ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान एक विवादास्पद स्थिति पैदा हो गई, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार ने ‘प्रोटोकॉल’ का पालन नहीं किया।
उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रपति आदिवासियों के कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचीं, तब मुख्यमंत्री या राज्य सरकार का कोई मंत्री उनके स्वागत के लिए मौजूद नहीं था।
यादव ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का व्यवहार पूरी तरह निंदनीय है। लोकतंत्र में सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति का पद हम सभी के लिए राजनीति से ऊपर है। ऐसे समय में जब राष्ट्रपति राज्य के दौरे पर हों, मुख्यमंत्री को उनकी गरिमा का पूरा ध्यान रखना चाहिए था।’’
यादव ने कहा, ‘‘मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। यह दुखद है कि राष्ट्रपति के दौरे को स्थानीय और दलगत राजनीति में घसीटा जा रहा है, जो घृणित मानसिकता का उदाहरण है। मुझे उम्मीद है कि ममता बनर्जी इस मामले को गंभीरता से लेंगी और तुरंत माफी मांगेंगी। जो स्थिति पैदा हुई है वह बंगाल सरकार के लिए बेहद शर्मनाक है।’’
भाषा दिमो अमित अविनाश
अविनाश