मुठभेड़ में गैंगस्टर की मौत के 27 साल बाद उसके भतीजे ने कथित मुखबिर की हत्या की

Ads

मुठभेड़ में गैंगस्टर की मौत के 27 साल बाद उसके भतीजे ने कथित मुखबिर की हत्या की

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 08:56 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 08:56 PM IST

मुंबई, 25 अप्रैल (भाषा) मुंबई में पुलिस मुठभेड़ में एक गैंगस्टर की मौत के करीब तीन दशक बाद उसके भतीजे और एक अन्य व्यक्ति को 78 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को शक था कि बुजुर्ग पुलिस मुखबिर था।

अधिकारी ने बताया कि मृत गैंगस्टर सादिक कालिया के भतीजे सादिक जवार (29) और उसके सहयोगी नौशाद मिथानी ने दक्षिण मुंबई के नागपाड़ा इलाके में इस सप्ताह की शुरुआत में इकबाल इब्राहिम सेलिया की हत्या की थी।

करीब 27 साल पहले मुठभेड़ में सादिक कालिया की मौत के समय जवार बहुत छोटा था। उसे संदेह था कि मुठभेड़ के लिए सेलिया ने पुलिस को सूचना दी थी।

पुलिस ने बताया कि 20 अप्रैल की शाम को जवार और मिथानी ने सेलिया के घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार वारदात के समय सेलिया की पत्नी और बेटा घर पर नहीं थे।

इस मामले में नागपाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि अपराध शाखा की यूनिट-3 ने भी समानांतर जांच शुरू की। दोनों आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ के दौरान उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया है और जांच जारी है।

भाषा जोहेब रंजन

रंजन