ठाणे में बौद्ध विहार की दानपेटी से 60 हजार रुपये चोरी करने के आरोप में भिक्षु पर मामला दर्ज

Ads

ठाणे में बौद्ध विहार की दानपेटी से 60 हजार रुपये चोरी करने के आरोप में भिक्षु पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 01:14 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 01:14 PM IST

ठाणे, 30 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक बौद्ध विहार की दानपेटी तोड़कर उससे करीब 60,000 रुपये चोरी करने के आरोप में एक भिक्षु के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 27 जुलाई को कलवा क्षेत्र में हुई और आरोपी की पहचान नांदेड़ निवासी बिक्कू शिंदे के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शिंदे दोपहर के समय बौद्ध विहार पहुंचा और दानपेटी (हुंडी) को कथित तौर पर तोड़कर उसमें रखी नकदी चुरा ली।

अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी कथित तौर पर लगभग 60,000 रुपये लेकर फरार हो गया। चोरी का पता उस वक्त चला जब बौद्ध विहार का प्रबंधन देखने वाले व्यक्ति ने दानपेटी से छेड़छाड़ होने और उसमें रखी नकदी गायब होने की जानकारी दी।’’

इसके बाद, कलवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और चोरी की गई नकदी बरामद करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा

मनीषा सुभाष

सुभाष