ठाणे में व्यक्ति गिरफ्तार, तीन करोड़ रुपये का मेफेड्रोन बरामद

Ads

ठाणे में व्यक्ति गिरफ्तार, तीन करोड़ रुपये का मेफेड्रोन बरामद

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 08:50 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 08:50 PM IST

ठाणे, 28 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने कथित तौर पर तीन करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन रखने के आरोप में 30-वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर अपराध शाखा की एक टीम ने जाल बिछाया और रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे कल्याण फाटा के पास ऑटोरिक्शा से पहुंचे आरोपी को पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी -सलमान मुन्ना शेख- मुंब्रा का रहने वाला है और उसके पास से 1.5 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमरसिंह जाधव ने बताया कि शेख का नाम पहले हत्या के प्रयास के एक मामले में सामने आ चुका है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या वह मादक पदार्थों की तस्करी में भी शामिल रहा है।

डीसीपी जाधव ने कहा, ‘‘हमने उन लोगों की पहचान कर ली है, जिन्होंने उसे मादक पदार्थ उपलब्ध कराए थे और इस दिशा में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।’’

अधिकारी ने बताया कि शेख के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे 31 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश