भाजपा एमएलसी से जुड़े ट्रस्ट को तीन सार्वजनिक भूखंडों का आवंटन रद्द किया जाए: आदित्य ठाकरे

Ads

भाजपा एमएलसी से जुड़े ट्रस्ट को तीन सार्वजनिक भूखंडों का आवंटन रद्द किया जाए: आदित्य ठाकरे

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 09:44 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 09:44 PM IST

मुंबई, पांच अगस्त (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे ने बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और महाराष्ट्र गृह निर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) की ओर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधान परिषद सदस्य से जुड़ी संस्था को तीन सार्वजनिक खुले भूखंडों के प्रस्तावित आवंटन को रोकने का अनुरोध किया।

फडणवीस को लिखे पत्र में ठाकरे ने कहा कि लगभग 16 एकड़ में फैले भूखंड ‘श्री विले पार्ले केलवनी मंडल’ (एसवीकेएम) को आवंटित किए जा रहे हैं। इसमें कहा गया कि स्थानीय लोगों द्वारा वर्तमान में उपयोग में लाए जा रहे ये भूखंड निवासियों के लिए बगीचे, मनोरंजन स्थल, खेल के मैदान और पर्यावरण संपदा के रूप में इस्तेमाल होते हैं।

उन्होंने कहा कि एसवीकेएम संस्था भाजपा के एक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) से जुड़ी हुई है।

ठाकरे के अनुसार, इन भूखंडों में अंधेरी का खेल परिसर, डीएन नगर का गोदाम स्थल और जुहू स्थित लोकमान्य तिलक उद्यान शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ‘गुलमोहर एरिया सोसाइटीज वेलफेयर ग्रुप’ ने चिंतित नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि ये भूखंड सार्वजनिक खुले स्थलों के रूप में ही आरक्षित रहें और आम जनता के लिए पूरी तरह से सुलभ रहें।

ठाकरे ने कहा, ‘इसे ध्यान में रखते हुए, मैं इन तीन सार्वजनिक खुले स्थलों के संबंध में दिए गए अनापत्ति प्रमाणपत्रों (एनओसी) और आवंटन को रद्द करने के लिए आपके तत्काल हस्तक्षेप का सम्मानपूर्वक अनुरोध करता हूं।’

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ठाकरे ने कहा कि इस आवंटन को रोका जाना चाहिए, अन्यथा मुंबई के निवासी सड़कों पर उतरेंगे और ‘शर्मनाक रूप से जमीन हड़पने’ के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल