मुंबई, पांच अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने 25 मई से 31 जुलाई तक 3,137 होटलों, रेस्तरां, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया तथा 55.72 करोड़ रुपये के 28.66 लाख किलोग्राम असुरक्षित खाद्य पदार्थों को ज़ब्त या नष्ट किया ।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने बुधवार को बताया कि कार्रवाई के दौरान एडीएफ ने 165 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए।
उन्होंने कुछ होटल मालिकों के इस आरोप को खारिज कर दिया कि ‘चुनिंदा ढंग से कार्रवाई’ की गयी है।
मुंढे ने कहा कि लाइसेंस निलंबन के 165 मामलों में से एफडीए के पास 103 अपीलें आयीं और पात्र मामलों में अंतरिम राहत दी गई है तथा उन्हें अपना कामकाज फिर से शुरू करने की अनुमति मिली।
उन्होंने कहा कि एफडीए ने प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है और 658 दुकानों पर 15.11 करोड़ रुपये मूल्य का गुटखा और पान मसाला पकड़ा है।
मुंढे ने यहां पत्रकारों को बताया, ‘‘एफडीए ने 25 मई से 31 जुलाई तक 3,137 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। हमने 764 सुधार नोटिस जारी किए और उचित प्रक्रिया के बाद 165 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। 55.72 करोड़ रुपये मूल्य के 28.66 लाख किलोग्राम खाद्य उत्पादों को जब्त या नष्ट कर दिया गया।’’
उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइसेंस निलंबन का मतलब किसी संस्थान का हमेशा के लिए बंद होना नहीं है तथा निलंबन हटाने से पहले एफडीए खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने पर सुनवाई करती है।
मुंढे ने कहा कि इस अभियान के कारण खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानकों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश