एईआरबी ने कैगा परमाणु ऊर्जा संयंत्र की इकाई 5 और 6 के लिए कंक्रीट की पहली ढलाई को मंजूरी दी

Ads

एईआरबी ने कैगा परमाणु ऊर्जा संयंत्र की इकाई 5 और 6 के लिए कंक्रीट की पहली ढलाई को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 10:02 PM IST

मुंबई, 28 फरवरी (भाषा) परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (एईआरबी) ने शनिवार को में कहा कि उसने कैगा परमाणु ऊर्जा संयंत्र की इकाई 5 और 6 के निर्माण के लिए कंक्रीट की पहली ढलाई (एफपीसी) की अनुमति जारी कर दी है।

कैगा परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थल पर स्थापित किए जा रहे 2 गुणा 700 मेगावाट दाबित भारी जल रिएक्टर (पीएचडब्ल्यूआर) इकाइयों के डिजाइन की सुरक्षा समीक्षा एईआरबी द्वारा निर्दिष्ट सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप संतोषजनक ढंग से पूरी होने के बाद यह अनुमति जारी की गई।

इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (एईआरबी) ने 24 फरवरी को कैगा परमाणु ऊर्जा संयंत्र की इकाई 5 और 6 के निर्माण के लिए कंक्रीट की पहली ढलाई (एफपीसी) की अनुमति जारी कर दी है।’’

बयान में कहा गया कि एईआरबी के बोर्ड ने 23 फरवरी को सुरक्षा समीक्षा के परिणामों की समीक्षा करने के बाद इन इकाइयों के लिए एफपीसी को मंजूरी प्रदान की।

स्थल की खुदाई के बाद कंक्रीट की पहली ढलाई (एफपीसी) का तात्पर्य परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निर्माण की शुरुआत से है।

सात सौ मेगावाट के दाबित भारी जल रिएक्टर स्वदेशी डिजाइन के हैं, जिन्हें न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) द्वारा विकसित किया गया है, और इसमें एईआरबी द्वारा निर्दिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप कई उन्नत सुरक्षा विशेषताएं शामिल हैं, जो वर्तमान आईएईए सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखती हैं।

कैगा परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थल कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में स्थित है, जहां 220 मेगावाट क्षमता वाली चार पीएचडब्ल्यू इकाइयां पहले से ही चालू हैं।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव