अजय देवगन करेंगे ‘क्राइम पेट्रोल 2026’ की मेजबानी, 31 अगस्त से होगा प्रसारण

अजय देवगन करेंगे 'क्राइम पेट्रोल 2026' की मेजबानी, 31 अगस्त से होगा प्रसारण

अजय देवगन करेंगे ‘क्राइम पेट्रोल 2026’ की मेजबानी, 31 अगस्त से होगा प्रसारण
Modified Date: August 11, 2026 / 07:55 pm IST
Published Date: August 11, 2026 7:55 pm IST

मुंबई, 11 अगस्त (भाषा) अभिनेता अजय देवगन सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के बहुचर्चित शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन में मेजबान (होस्ट) की भूमिका संभालने जा रहे हैं। इस सीजन का प्रीमियर 31 अगस्त को होगा।

‘क्राइम पेट्रोल 2026 – क्राइम का करेंट सीजन’ नाम से आने वाला यह शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर रात 10:30 बजे प्रसारित होगा और सोनी लिव पर भी स्ट्रीम किया जाएगा।

हाल ही में जारी किए गए प्रोमो में अभिनेता दर्शकों से सीधे संवाद करते नजर आते हैं। वह उनसे डर के साये में रहने के बजाय अपराध की वास्तविकताओं के बीच अधिक सतर्क रहने की अपील करते हैं।

प्रोमो में देवगन कहते हैं, ‘मैं रहूंगा आपके साथ’, और दर्शकों को भरोसा दिलाते हैं कि वह इन कहानियों के सफर में उनके साथ रहेंगे।

एक बयान में अभिनेता ने कहा कि ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे शो से जुड़ना उन्हें अपने प्रशंसकों और दर्शकों के प्रति एक जिम्मेदारी की तरह लगता है।

देवगन ने कहा, ‘इस शो ने अपराध से जुड़ी कहानियों को समझने के साथ-साथ दर्शकों में जागरूकता फैलाने की एक विरासत बनाई है। यह उन्हें अपने आसपास के लोगों, जिनसे वे मिलते-जुलते हैं और जिन पर भरोसा करते हैं, उनके प्रति अधिक सतर्क रहने के लिए प्रेरित करता है।’

उन्होंने कहा, ‘देश को झकझोर देने वाले मामलों से प्रेरित कुछ कहानियों को सामने लाते हुए मुझे उम्मीद है और मेरा विश्वास है कि मैं दर्शकों को डर के बजाय सावधानी के साथ इनसे निपटने में मदद और मार्गदर्शन कर सकूंगा।’

‘क्राइम पेट्रोल’ का प्रसारण पहली बार 2003 में शुरू हुआ था और इसके बाद यह कई संस्करणों के साथ आगे बढ़ा, जिनमें ‘क्राइम पेट्रोल सतर्क’, ‘क्राइम पेट्रोल दस्तक’, ‘क्राइम पेट्रोल डायल 100’ और ‘क्राइम पेट्रोल 2.0’ शामिल हैं।

अभिनेता अनूप सोनी कई सीजन की मेजबानी करने के बाद इस कार्यक्रम से गहराई से जुड़ गए थे। वर्षों के दौरान इस शो की मेजबानी करने वाले अन्य प्रस्तोताओं में साक्षी तंवर, सोनाली कुलकर्णी, दिव्यांका त्रिपाठी, आशुतोष राणा, रेणुका शहाणे और नकुल मेहता शामिल रहे हैं।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में