अजित पवार विमान दुर्घटना: रोहित पवार ने प्रधानमंत्री से जांच पूरी होने तक नायडू को हटाने की अपील की

अजित पवार विमान दुर्घटना: रोहित पवार ने प्रधानमंत्री से जांच पूरी होने तक नायडू को हटाने की अपील की

अजित पवार विमान दुर्घटना: रोहित पवार ने प्रधानमंत्री से जांच पूरी होने तक नायडू को हटाने की अपील की
Modified Date: February 21, 2026 / 03:35 pm IST
Published Date: February 21, 2026 3:35 pm IST

मुंबई, 21 फरवरी (भाषा) राकांपा (शरदचंद्र पवार) के महासचिव एवं विधायक रोहित पवार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि 28 जनवरी को हुए विमान हादसे की जांच पूरी होने तक नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू को केंद्र सरकार से इस्तीफा देने के लिए कहा जाए। उक्त विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया था।

कर्जत-जामखेड से विधायक रोहित पवार दिवंगत नेता के भतीजे भी हैं। उन्होंने अपने पत्र में दावा किया कि दुर्घटनाग्रस्त लियरजेट 45 विमान की मालिक कंपनी वीएसआर और उसके साथ नायडू के संबंधों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने लिखा कि इसकी जांच एक स्वतंत्र और सक्षम प्राधिकारी द्वारा की जानी चाहिए।

रोहित पवार ने पत्र में कहा, ‘‘आपने (प्रधानमंत्री) अजितदादा और देश के प्रति उनके योगदान के प्रति हमेशा सम्मान दिखाया है। इस संदर्भ में, मैं अनुरोध करता हूं कि राम मोहन नायडू को जांच पूरी होने तक अपने पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जाए। यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है ताकि इसकी पड़ताल की जा सके कि वीएसआर के मामले में डीजीसीए किसी भी तरह से प्रभावित तो नहीं हुआ था।’’

उन्होंने विमान दुर्घटना से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उजागर करने के लिए कई संवाददाता सम्मेलन किए हैं और साजिश की आशंका जताई है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को पुणे जिले में बारामती हवाई अड्डे के पास विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

भाषा

अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में