अजित पवार विमान हादसा: रोहित पवार और युगेंद्र पवार ने वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ प्राथमिकी की मांग की
अजित पवार विमान हादसा: रोहित पवार और युगेंद्र पवार ने वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ प्राथमिकी की मांग की
पुणे, 26 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के विधायक रोहित पवार और उनके चचेरे भाई युगेंद्र पवार ने 28 जनवरी को हुए विमान हादसे के सिलसिले में वीआरएस वेंचर्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को बारामती पुलिस से संपर्क किया।
इस हादसे में उनके चाचा और महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी।
एक दिन पहले ही रोहित पवार ने मुंबई के मरीन ड्राइव थाने में वीएसआर वेंचर्स और उसके निदेशकों के खिलाफ इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी।
वीएसआर वेंचर्स उस लियरजेट-45 विमान की संचालक कंपनी है जो पुणे जिले के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार और चार अन्य लोग सवार थे।
‘अजित दादा को न्याय’ की मांग वाले पोस्टर लिए समर्थकों के साथ रोहित पवार और युगेंद्र पवार ने बृहस्पतिवार सुबह बारामती तालुका पुलिस थाने में लिखित शिकायत सौंपी।
युगेंद्र पवार ने संवाददाताओं से कहा, “हम मानते हैं कि वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। हम इस लड़ाई में रोहित दादा का समर्थन करने आए हैं। हमारी मांग है कि अजित दादा को न्याय मिले और हादसे की जांच में तेजी लाई जाए।”
मंगलवार को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उड़ान योग्यता, हवाई सुरक्षा और उड़ान संचालन से संबंधित स्वीकृत प्रक्रियाओं के अनुपालन में कमी पाए जाने पर वीएसआर वेंचर्स के चार विमानों के परिचालन पर रोक लगा दी थी।
युगेंद्र पवार ने दावा किया कि डीजीसीए की रिपोर्ट में वीएसआर वेंचर्स की ओर से आपराधिक लापरवाही होने की ओर संकेत किया गया है। उन्होंने कहा, “यदि आपराधिक लापरवाही है, तो कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।”
विमान दुर्घटना के बाद बारामती तालुका थाने में प्रारंभ में दुर्घटना में मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में जांच के लिए राज्य के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) को स्थानांतरित कर दिया गया।
वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने अब तक इस हादसे पर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी नहीं की है।
एक पुलिस अधिकारी ने बाद में बताया कि मुंबई में दर्ज शिकायत बारामती में दर्ज रिपोर्ट से जुड़ी है, इसलिए इसे पुणे स्थित सीआईडी को भेजा जा रहा है।
रोहित पवार ने बाद में आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “विपक्ष और सत्तारूढ़ दल दोनों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की मांग के बावजूद यदि पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को खारिज कर रही है, तो यह महाराष्ट्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र किसी को बचाने का प्रयास कर रहा है।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


