आंध्र के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जगन ने बकरीद की शुभकामनाएं दीं

आंध्र के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जगन ने बकरीद की शुभकामनाएं दीं

आंध्र के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जगन ने बकरीद की शुभकामनाएं दीं
Modified Date: May 28, 2026 / 03:15 pm IST
Published Date: May 28, 2026 3:15 pm IST

अमरावती, 28 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने बृहस्पतिवार को लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि बकरीद का इस्लाम में बहुत महत्व है और इसे श्रद्धा और विशेष प्रार्थनाओं के साथ मनाया जाता है।

नजीर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आंध्र प्रदेश के सभी मुस्लिम भाइयों को बकरीद के मुबारक अवसर पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई।’

उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, सर्वशक्तिमान ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पण और गरीबों के प्रति करुणा का प्रतीक है, साथ ही यह साझा करने के सिद्धांत पर भी जोर देती है।

नज़ीर ने कामना की कि इस शुभ अवसर पर सभी के प्रति दान और सद्भावना की भावना को संजोया जाए।

इसी प्रकार, मुख्यमंत्री ने कहा कि बकरीद त्याग, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है।

नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैं तहे दिल से कामना करता हूं कि बकरीद का यह पवित्र त्योहार आपके जीवन को खुशियों, शांति और अच्छे स्वास्थ्य से भर दे।’

उन्होंने बताया कि यह त्योहार पैगंबर इब्राहिम द्वारा अल्लाह के आदेश का पालन करते हुए अपने बेटे की कुर्बानी देने की इच्छा की याद में मनाया जाता है और अल्लाह ने अंततः उनकी भक्ति और विश्वास की परीक्षा ली और उन्हें आशीर्वाद दिया।

नायडू ने कामना की कि अल्लाह की कृपा और दया सभी पर बनी रहे और लोग अपने परिवार के सदस्यों के साथ खुशी और समृद्धि के साथ त्योहार मनाएं।

इसी प्रकार, जगन ने इस बात पर प्रकाश डाला कि बकरीद लोगों को स्वार्थ, ईर्ष्या, घृणा और आसक्ति का त्याग और साथ ही ईश्वर के प्रति अटूट भक्ति और त्याग की भावना का प्रदर्शन करना सिखाती है।

उन्होंने इस त्योहार को पैगंबर इब्राहिम के उस महान बलिदान की याद के रूप में वर्णित किया, जिसमें उन्होंने अल्लाह के आदेश का पालन करते हुए अपने प्रिय पुत्र तक को कुर्बान करने की तैयारी की थी।

जगन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘बकरीद के त्योहार पर सभी मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई।’

पूर्व मुख्यमंत्री ने मुसलमानों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोगों के बीच शांति, भक्ति और सद्भाव की कामना की।

बकरीद, जिसे ईद अल-अजहा के नाम से भी जाना जाता है, इस्लाम में त्याग, भक्ति, दान और करुणा का प्रतीक है।

यह त्योहार विशेष प्रार्थनाओं, दान-पुण्य और सामुदायिक समारोहों के साथ मनाया जाता है, जो आस्था, भाईचारे और साझा करने की भावना को दर्शाता है।

भाषा तान्या रंजन नरेश

नरेश


लेखक के बारे में