अमरावती, 28 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को राज्य में स्थिति के पूरी तरह सामान्य होने तक पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश ऐसे समय में दिए हैं जब हाल ही में ईंधन संबंधित दिक्कतों के बीच विभिन्न जिलों में इसकी उपलब्धता बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं और अधिकारियों ने आपूर्ति की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार की सूचना दी है।
यहां सोमवार देर रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री नायडू ने अधिकारियों को राज्य में पेट्रोल और डीजल की कमी की स्थिति सामान्य होने तक लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को तेल कंपनियों के साथ घनिष्ठ समन्वय सुनिश्चित करने और जनता को असुविधा से बचाने के लिए जमीनी स्तर की स्थिति का लगातार आकलन करने का निर्देश दिया है।’’
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी क्षेत्रों में सामान्य आपूर्ति बहाल करने में तेजी लाने के मकसद से रात के समय भी ईंधन वितरण जारी रखने का निर्देश दिया।
नायडू ने स्थिति का आकलन करने के लिए एक ‘टेलीकांफ्रेंस’ आयोजित की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईंधन की आपूर्ति स्थिर होने तक ढिलाई न बरतें। साथ ही ‘रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी’ (आरटीजीएस) के माध्यम से निरंतर निगरानी पर जोर दिया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोमवार को राज्य भर के पेट्रोल पंपों पर कुल 2,679 ईंधन खेप भेजने की योजना थी, जिनमें से 2,079 खेप वितरित की गईं। इन खेप में 11,909 किलोलीटर पेट्रोल और 19,707 किलोलीटर डीजल शामिल हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये आपूर्ति राज्य में कार्यरत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) सहित तेल विपणन कंपनियों के माध्यम से भेजी गई थी।
अधिकारियों ने कहा कि सुचारू परिवहन और वितरण सुनिश्चित करने के लिए ईंधन की प्रत्येक खेप के साथ राजस्व और पुलिस कर्मी तैनात किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अनाकापल्ली, पूर्वी गोदावरी, गुंटूर, कृष्णा, बापटला, पालनाडु, नंद्याल, अनंतपुर और मार्कापुरम सहित विभिन्न जिलों में सोमवार सुबह की तुलना में ईंधन की उपलब्धता में सुधार हुआ है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्य भर में सोमवार शाम सात बजे तक दर्ज की गई ईंधन बिक्री 6,511 किलोलीटर पेट्रोल और 9,046 किलोलीटर डीजल रही। यह स्थिति के सामान्य होने की ओर इशारा है।
भाषा यासिर नरेश
नरेश