शत-प्रतिशत सिंचाई सुविधा पहुंचाना आंध्र सरकार का लक्ष्य : मुख्यमंत्री
शत-प्रतिशत सिंचाई सुविधा पहुंचाना आंध्र सरकार का लक्ष्य : मुख्यमंत्री
अमरावती, 15 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य की हर खेती-योग्य भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार ने पिछले दो वर्ष के दौरान सिंचाई क्षेत्र में 24,000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
विजयवाड़ा के निकट इब्राहिमपट्टनम में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इसकी तुलना 2014 से 2019 के बीच तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सरकार के कार्यकाल से की।
उन्होंने कहा कि उस दौरान सिंचाई परियोजनाओं पर 68,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।
प्रख्यात अभियंता के.एल. राव की 124वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नायडू ने कहा, ‘‘जनता की सरकार राज्य की हर खेती-योग्य भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। वर्ष 2014 से 2019 के बीच सिंचाई पर 68,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जबकि 2024 से अब तक दो वर्ष में 24,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पट्टीसीमा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के जरिए गोदावरी नदी का पानी कृष्णा नदी तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे कृष्णा डेल्टा क्षेत्र में सिंचाई हो रही है।
उन्होंने कहा कि पट्टीसीमा परियोजना किसानों की फसलों को चक्रवातों से होने वाले नुकसान तथा कृष्णा नदी से श्रीशैलम और नागार्जुन सागर परियोजनाओं में घटते जल प्रवाह से बचाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, कृष्णा डेल्टा को पुनर्जीवित करने के लिए गोदावरी नदी का कुल 80 टीएमसी पानी उपलब्ध कराया गया है।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


