अमरावती, 26 जुलाई (भाषा) वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के प्रमुख वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने डीएससी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश से इस्तीफा देने की मांग की।
राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद रेड्डी ने यह मांग की है।
हालांकि, नारा लोकेश ने रविवार को जगन की इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि जो लोग नैतिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ा रहे हैं, उनका अपना रिकॉर्ड इससे बिल्कुल अलग है।
जगन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया और राजग सरकार के तहत राजनीतिक जवाबदेही का एक मानक स्थापित किया। अब आंध्र प्रदेश में भी ऐसा हो।’
पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार को सवाल किया कि क्या नारा लोकेश जिला चयन समिति (डीएससी) परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देंगे, या फिर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू राजनीतिक जवाबदेही के राजग के मानकों को बनाए रखने के बजाय अपने बेटे का बचाव करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि करीब 3.5 लाख अभ्यर्थियों की डीएससी परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं हुईं।
जगन के आरोपों का जवाब देते हुए नारा लोकेश ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘कुछ लोग नैतिक जिम्मेदारी पर भाषण देते हैं। लेकिन उनका अपना रिकॉर्ड बिल्कुल अलग कहानी बताता है।’
भाषा जोहेब रंजन
रंजन