मुंबई के संगीत समारोह में मादक पदार्थ के अत्यधिक सेवन से मौत मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के संगीत समारोह में मादक पदार्थ के अत्यधिक सेवन से मौत मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, 18 अप्रैल (भाषा) मुंबई के गोरेगांव इलाके में एक संगीत समारोह के दौरान अधिक मात्रा में मादक पदार्थों के कथित सेवन से एमबीए के दो विद्यार्थियों की मौत के मामले में शनिवार को पुलिस ने मादक पदार्थ के मुख्य आपूर्तिकर्ता को ठाणे जिले से गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 24 वर्षीय आरोपी आयुष साहित्य की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मामले में अब तक नौ लोगों को हिरासत में लिया है।
गोरेगांव के वनराई पुलिस थाने के एक अधिकारी के अनुसार, आयुष को पड़ोसी जिले ठाणे के उल्हासनगर में गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि आयुष को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि आयुष ने मुंबई के बाहरी इलाके कल्याण में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी आनंद पटेल को मादक पदार्थ की आपूर्ति की थी और वह उसके साथ लगातार संपर्क में था।
अधिकारी ने बताया कि आयुष एक छात्रा है और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अप्रैल को आयोजित संगीत समारोह के दौरान कथित तौर पर अधिक मात्रा में शराब और ‘3,4-मेथिलीनडाइऑक्सी-मेथामफेटामीन’(एमडीएमए) नामक मादक पदार्थ का सेवन करने के बाद एमबीए के दो विद्यार्थियों (एक युवक और एक युवती) की मौत हो गई। दोनों की मौत 12 अप्रैल को हुई, जबकि एक अन्य छात्र का बॉम्बे अस्पताल में इलाज जारी है।
भाषा
शफीक संतोष
संतोष

Facebook


