एपीएसडीएमए ने आंध्र प्रदेश के कई मंडलों के लिए लू की चेतावनी जारी की

Ads

एपीएसडीएमए ने आंध्र प्रदेश के कई मंडलों के लिए लू की चेतावनी जारी की

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 12:33 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 12:33 PM IST

अमरावती, 18 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सोमवार को राज्य भर के कई मंडलों के लिए भीषण लू की चेतावनी जारी की है।

श्रीकाकुलम, विजयनगरम और पार्वतीपुरम मन्याम जिलों के 28 मंडलों में भीषण लू चलने की संभावना है, जबकि अन्य 21 मंडलों में भी लू की स्थिति रहने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘सोमवार को राज्य के कई मंडलों में भीषण लू और भीषण गर्मी की स्थिति रहने की संभावना है।’

जैन ने कहा कि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, और श्रीकाकुलम, विजयनगरम, मान्यम, एनटीआर, गुंटूर, बापटला, पालनाडु, मार्कापुरम, प्रकाशम, नेल्लोर, कुरनूल, नंद्याल, अनंतपुर, कडपा और तिरुपति जिले प्रभावित होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि रविवार को मरकापुरम जिले के कुंबम में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 14 जिलों के 65 मंडलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।

एनटीआर जिले के तोरागुडीपाडु में पारा 42 डिग्री, अनंतपुर जिले के तेरन्नापल्ली में 41.9 डिग्री, कुरनूल जिले के थोवी में 41.5 डिग्री, कृष्णा जिले के नंदिवाडा और पालनाडु जिले के गुरजाला में 41.4 डिग्री और एलुरु जिले के धर्माजीगुडेम में 41.3 डिग्री तक पहुंच गया।

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को 84 मंडलों में भीषण लू चलने की संभावना है और 245 मंडलों में भी लू की स्थिति बनी रहेगी।

विदर्भ से मन्नार तक फैले निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से सोमवार को मन्याम, अल्लूरी, पोलावरम, कुरनूल, अनंतपुर और चित्तूर जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है।

एपीएसडीएमए ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने, धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी तथा अधिक मात्रा में पानी पीने की सलाह दी, जबकि किसानों और चरवाहों को आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी दी गई।

भाषा तान्या मनीषा वैभव

वैभव