खेल मंत्रालय ने हॉकी इंडिया से असुंथा लाकड़ा के आरोपों की जांच के लिये कहा

Ads

खेल मंत्रालय ने हॉकी इंडिया से असुंथा लाकड़ा के आरोपों की जांच के लिये कहा

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 07:18 PM IST

(मोना पार्थसारथी)

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) खेल मंत्रालय ने हॉकी इंडिया को पत्र लिखकर भारत की पूर्व कप्तान असुंथा लाकड़ा द्वारा लगाये गए धमकी और उत्पीड़न के आरोपों की जांच के निर्देश देते हुए उसका नतीजा मंत्रालय के साथ साझा करने को कहा है ।

लाकड़ा ने हॉकी में यौन उत्पीड़न के आरोपियों को बचाने, महिला खिलाड़ियों के साथ दुव्यर्वहार और धमकाने के आरोप लगाते हुए खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर तुरंत दखल का अनुरोध किया था । उन्होंने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर उन्हें धमकाने का आरोप भी लगाया था ।

सूत्रों के अनुसार मंत्रालय ने पत्र में कहा ,‘‘ भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड की सदस्य असुंथा लाकड़ा द्वारा 10 जुलाई को मंत्रालय को भेजे गये ईमेल में यौन उत्पीड़न, संस्थागत तौर पर धमकी और महिला खिलाड़ियों से जुड़े मसलों की निष्पक्ष जांच का अनुरोध किया था ।’’

इसमें आगे कहा गया ,‘‘ आपसे अनुरोध है कि असुंथा लाकड़ा द्वारा उठाये गए मसलों को उचित कार्रवाई के लिये महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम, 2013 (पॉश अधिनियम) के तहत गठित हॉकी इंडिया की आंतरिक शिकायत समिति के सामने रखा जाये ।’

पत्र में यह भी कहा गया ,‘‘ जांच के नतीजे को मंत्रालय के साथ साझा किया जाये ।’’

जांच की हालांकि कोई समय सीमा तय नहीं की गई है ।

असुंथा ने रांची में एकलव्य हॉकी अकादमी में महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न के आरोपी कोच सुधीर गोला के खिलाफ आवाज उठाई थी । गोला को बाद में बर्खास्त कर दिया गया ।

असुंथा ने गोला के खिलाफ आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए यह भी कहा था कि यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाये ताकि किसी महिला खिलाड़ी भविष्य में ऐसा करने से पहले सोचना नहीं पड़े ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर