महाराष्ट्र में एटीएस ने 40 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की, 53 लोगों से पूछताछ

महाराष्ट्र में एटीएस ने 40 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की, 53 लोगों से पूछताछ

महाराष्ट्र में एटीएस ने 40 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की, 53 लोगों से पूछताछ
Modified Date: May 13, 2026 / 04:04 pm IST
Published Date: May 13, 2026 4:04 pm IST

मुंबई, 13 मई (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तान से अपराध को अंजाम देने वाले गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने वाले लोगों की तलाश में बुधवार को मुंबई सहित पूरे राज्य में 40 से अधिक स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 53 संदिग्धों से पूछताछ की गई।

एक अधिकारी ने बताया कि विदेश से अपना गिरोह चला रहा भट्टी सोशल मीडिया के माध्यम से भारत में युवाओं को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल करने की कथित तौर पर कोशिश कर रहा था।

उन्होंने बताया कि मुंबई, अकोला, नांदेड, पुणे, मीरा रोड (ठाणे जिले में), नालासोपारा (पालघर), नासिक, जलगांव, नागपुर सहित राज्य के विभिन्न स्थानों पर तड़के छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई।

अधिकारी ने कहा कि एटीएस को कुछ व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि ये संदिग्ध लोग भट्टी और उसके गिरोह के कथित तौर पर संपर्क में थे।

उन्होंने बताया कि पूरे राज्य में ऐसे 53 व्यक्तियों की पहचान की गई और उनके ठिकानों का पता लगाने के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है।

जांचकर्ताओं ने पिछले हफ्ते पाया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने शहजाद भट्टी से जुड़े गुर्गों के माध्यम से दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत राजमार्ग पर एक लोकप्रिय ढाबे और हरियाणा में एक सैन्य शिविर पर हमले की कथित तौर पर साजिश रची थी।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने ‘‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’’ के तहत कई राज्यों से गिरफ्तार किए गए मॉड्यूल के नौ कथित सदस्यों से पूछताछ की थी, जिसके दौरान ये खुलासे हुए।

दिल्ली पुलिस ने हाल ही में पांच से छह मई तक राष्ट्रीय राजधानी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध गिरोहों तथा उनके सहयोगी नेटवर्क को निशाना बनाकर 48 घंटे का अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान भट्टी से जुड़े नौ गुर्गों सहित 482 कथित गैंगस्टर और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को उत्तर भारत और दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी करने का काम सौंपा गया था। इनमें से कुछ शहजाद भट्टी नेटवर्क के लिए हथियारों की तस्करी में कथित तौर पर शामिल थे।

भाषा यासिर शोभना

शोभना


लेखक के बारे में