‘डीजे’ पर पाबंदी को लेकर सहमति बनाने की कोशिश कर रही सरकार : फडणवीस

‘डीजे’ पर पाबंदी को लेकर सहमति बनाने की कोशिश कर रही सरकार : फडणवीस

‘डीजे’ पर पाबंदी को लेकर सहमति बनाने की कोशिश कर रही सरकार  : फडणवीस
Modified Date: September 4, 2026 / 07:16 pm IST
Published Date: September 4, 2026 7:16 pm IST

पुणे, चार सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार त्योहारों के दौरान तेज आवाज वाले ‘डीजे’ के इस्तेमाल पर रोक लगाने को लेकर सहमति बनाने की कोशिश कर रही है ।

उन्होंने पारंपरिक तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।

पुणे में एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने शहर में एक कार्यकर्ता पर हुए हमले की निंदा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुणे के पुलिस आयुक्त से बात की है और लोगों की परेशानी का कारण बनने वाले अत्यधिक तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम पर रोक लगाने को लेकर सभी पक्षों के बीच व्यापक सहमति दिखाई देती है।

कार्यकर्ता विद्यानंद बापट त्योहारों के दौरान ‘डीजे’ और तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं और गणेशोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।

बृहस्पतिवार को पुणे के तिलक रोड पर एक टीवी समाचार चैनल से बात करते समय उन पर हमला किया गया था।

फडणवीस ने कहा, “मैंने कल हुई घटना की पहले ही निंदा की है। लोगों के अलग-अलग विचार हो सकते हैं और वे किसी भी पक्ष में हो सकते हैं, लेकिन हिंसा सही नहीं है। सभी को अपने विचार रखने चाहिए।”

उन्होंने कहा कि जब त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाए जाते हैं तो उनका महत्व और बढ़ जाता है। हालांकि, वर्षों से चली आ रही प्रथाओं को केवल कानूनी कार्रवाई के जरिए खत्म नहीं किया जा सकता।

फडणवीस ने कहा, “कानून का इस्तेमाल करना होगा, नहीं तो ऐसी प्रथाओं को रोका नहीं जा सकता। लेकिन इसके साथ ही लोगों को विश्वास में लेना और आगे बढ़ने का रास्ता निकालना अधिक महत्वपूर्ण है।”

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में