बाफ्टा 2026 में अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी गई
बाफ्टा 2026 में अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी गई
मुंबई, 23 फरवरी (भाषा) ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार (बाफ्टा) के 79वें संस्करण में एक स्मृति खंड में अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनकी बेटी एवं अभिनेत्री ईशा देओल ने कहा कि उनके पिता एवं हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ने दुनिया भर के दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया था।
बाफ्टा पुरस्कार समारोह रविवार को लंदन में आयोजित किया गया, जिसमें अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी गई। उनकी तस्वीर फ्रांसीसी अभिनेत्री-गायिका ब्रिगिट बार्डोट और जर्मनी के अभिनेता उडो कीर के साथ स्क्रीन पर दिखाई दी।
रॉबर्ट डुवैल, कैथरीन ओ’हारा, वैल किल्मर, रॉब रेनर और टॉम स्टॉपर्ड जैसे वैश्विक कलाकारों को भी सिनेमा में उनके योगदान के लिए बाफ्टा में याद किया गया।
धर्मेंद्र का पिछले साल 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में लंबी बीमारी के कारण मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया था।
ईशा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मेरे पिता जी ऐसे ही थे, उनका जादू, निर्मल हृदय, सबसे पवित्र आत्मा, जिन्होंने विभिन्न महाद्वीपों में लाखों दिलों को छुआ…न केवल एक अभिनेता के रूप में बल्कि एक विनम्र इंसान के रूप में भी।’’
अतीत में अभिनेता इरफान खान, रिषि कपूर और दिलीप कुमार तथा पार्श्व गायिका लता मंगेशकर को भी बाफ्टा में श्रद्धांजलि दी जा चुकी है।
यह शाम मणिपुरी कॉमेडी-ड्रामा ‘बूंग’ के लिए भी शानदार रही क्योंकि फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस फिल्म ने ‘सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म’ का पुरस्कार जीता। इसका निर्देशन लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है।
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


