बैंक ऋण धोखाधड़ी : रिलायंस एडीएजी के पूर्व कार्यकारी झुनझुनवाला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Ads

बैंक ऋण धोखाधड़ी : रिलायंस एडीएजी के पूर्व कार्यकारी झुनझुनवाला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 10:17 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 10:17 PM IST

मुंबई, पांच जून (भाषा) मुंबई की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस कम्युनिकेशंस के पूर्व समूह प्रबंध निदेशक अमिताभ झुनझुनवाला को कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर झुनझुनवाला को सीबीआई की विशेष अदालत के न्यायाधीश जे पी दरेकर के समक्ष पेश किया गया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो द्वारा और हिरासत की मांग न किए जाने के कारण झुनझुनवाला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

झुनझुनवाला प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जांच किए जा रहे एक संबंधित धन शोधन मामले में भी आरोपी हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) के समूह प्रबंध निदेशक के रूप में झुनझुनवाला कंपनी के कामकाज के प्रमुख पहलुओं को नियंत्रित करते थे, जिनमें कॉर्पोरेट वित्त, बैंकिंग और धन का उपयोग शामिल है।

सीबीआई ने आरोप लगाया है कि झुनझुनवाला के निर्देशों के आधार पर, बैंकों से प्राप्त ऋण राशि का प्रबंधन/उपयोग आरकॉम समूह के अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया था।

एसबीआई की शिकायत पर एजेंसी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और अनिल अंबानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिन पर बैंक को कथित तौर पर 2,929.05 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप